न सिलेंडर फटा न बिजली थी, फिर एटा में कैसे उड़ गया घर का गेट? दीवार में आई दरारें देख सहमे लोग, पुलिस भी कंफ्यूज!

यूपी तक

• 04:41 PM • 16 Jul 2026

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र में तड़के सुबह हुए रहस्यमयी धमाके से एक घर का मुख्य गेट उड़ गया और दीवारों में दरारें आ गईं.

UP Tak

Photo Source - AI Generated

Google CTA

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में तड़के सुबह एक जोरदार धमाका हुआ, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. धमाका इतना भीषण था कि एक घर का मुख्य गेट हवा में उड़ गया और दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं. गनीमत रही कि हादसे के वक्त पहली मंजिल पर सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया.

यह भी पढ़ें...

यह रहस्यमयी घटना एटा के अलीगंज इलाके के एक गांव की है, जहां इस जोरदार धमाके के बाद से हड़कंप मचा हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर यह ब्लास्ट हुआ कैसे?

रात को दुकान बंद कर सोया था परिवार

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार रोज की तरह आधी रात को अपनी दुकान बंद कर घर लौटा था. खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य ऊपरी मंजिल पर सोने चले गए. उस वक्त घर की बिजली भी कटी हुई थी. सब कुछ सामान्य था, लेकिन तड़के सुबह करीब 3:40 बजे एक जोरदार आवाज ने सबकी नींद उड़ा दी.

पीड़ित परिवार की सदस्य रीता गुप्ता ने उस खौफनाक मंजर को बयां करते हुए बताया, 

"सुबह-सुबह एक बहुत तेज धमाके की आवाज से हमारी आंख खुली. जब हम नीचे भागकर आए, तो देखा कि घर का मुख्य गेट पूरी तरह से उड़ चुका था और दीवारों में दरारें आ गई थीं. धमाका इतना जोरदार था कि हमें तुरंत समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है."

धमाके की गूंज से सहमा गांव

रहस्यमयी ब्लास्ट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए. गांव में इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और कयासों का दौर शुरू हो गया है. सूचना मिलते ही अलीगंज के थाना प्रभारी रूपेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह धमाका सुबह करीब 3:40 बजे हुआ. घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) को बुलाया गया है ताकि मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है. धमाके की असली वजह फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी.

- रूपेश वर्मा, थाना प्रभारी

फिलहाल पुलिस ने मौके से कुछ अहम सबूत इकट्ठा किए हैं. बिना बिजली और बिना किसी स्पष्ट वजह के हुए इस धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं. अब हर किसी को फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि इस 'रहस्यमयी ब्लास्ट' का सच सामने आ सके.