Lakhimpur Kheri Amitabh Gupta Viral News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक 13 साल के छात्र ने अपनी बेबाक बातों से अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. कक्षा 8 में पढ़ने वाले अमिताभ गुप्ता ने डीएम अंजनी कुमार सिंह के सामने अपने परिवार की परेशानी खुलकर रखी और कार्रवाई की मांग की. बातचीत के दौरान बच्चे की ओर से कही गई कुछ बातें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. प्रशासन का कहना है कि शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और परिवार की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
पैतृक मकान के विवाद को लेकर पहुंचा था बच्चा
जानकारी के अनुसार अमिताभ गुप्ता सदर कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ले का रहने वाला है. उसने संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम को बताया कि उसके पिता मानसिक रूप से बीमार हैं, जबकि उसकी मां घरों में काम करके परिवार का खर्च चलाती हैं. बच्चे का कहना है कि उसके पैतृक मकान के एक हिस्से पर उसकी रिश्ते की ताई ने ताला लगा रखा है. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, इसलिए वह अपनी बात सीधे जिला अधिकारी तक लेकर पहुंचा.
समाधान दिवस के दौरान अमिताभ ने अधिकारियों से कहा कि यदि मकान का हिस्सा परिवार को मिल जाए तो उसे किराये पर देकर पढ़ाई और घर का खर्च चलाने में मदद मिलेगी. इसी दौरान जब एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'करवा देंगे,' तो बच्चे ने तुरंत जवाब दिया, 'करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए.' इसके बाद उसने कहा, 'आप लोगों को तो बस कमीशन दे दो, फिर काम हो जाता है.' बच्चे की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद कुछ अधिकारी हैरानी से मुस्कुराते हुए दिखाई दिए, जबकि वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
डीएम ने पढ़ाई पर ध्यान देने की दी सलाह
बातचीत के दौरान डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बच्चे को समझाते हुए कहा कि उसे अभी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए और इतनी छोटी उम्र में ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए. इस पर अमिताभ ने अपनी पारिवारिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, 'सिर्फ पढ़ाई की सलाह देने से काम नहीं चलेगा. मेरी मां करीब तीन हजार रुपये महीने कमाती हैं. इतने पैसों में घर का खर्च और पढ़ाई दोनों चलाना मुश्किल है.' बच्चे की बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी उसकी परिस्थितियों को गंभीरता से सुनते रहे.
पहले कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप
अमिताभ ने यह भी आरोप लगाया कि पहले जब उसने शिकायत की थी, तब एक पुलिसकर्मी ने कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था. हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. बच्चे का कहना था कि कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद परिवार की समस्या जस की तस बनी हुई है, इसलिए उसने समाधान दिवस में सीधे अपनी बात रखने का फैसला किया.
शिकायत पर कार्रवाई जारी
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम बच्चे के घर भी पहुंची. कोतवाली प्रभारी ने परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली. बच्चे की मां ने बताया कि उनके पति मानसिक रूप से बीमार हैं और परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है. उन्होंने मकान विवाद की भी जानकारी अधिकारियों को दी. प्रशासन का कहना है कि परिवार की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और विवाद के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं. वहीं, डीएम के सामने बेबाकी से अपनी बात रखने वाले 13 वर्षीय अमिताभ गुप्ता का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है.
ADVERTISEMENT











