समलैंगिक संबंध छिपाने के लिए मोहसिन, दानिश और कासिम ने कर दी अपने ही दोस्त की हत्या,फोन में था असली राज

आमिर खान

• 06:37 PM • 03 Jun 2026

Rampur Crime News: रामपुर में युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि मोबाइल में रिकॉर्ड एक प्राइवेट वीडियो को लेकर विवाद और कथित ब्लैकमेलिंग के बाद हत्या की साजिश रची गई. पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया सामान और टूटा मोबाइल बरामद कर लिया है.

Rampur Crime News

Rampur Crime News

Google CTA

Rampur Crime News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की सैफनी थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए युवक की हत्या का पर्दाफाश कर दिया है. बीती 26 मई को एक युवक का शव बरामद हुआ था. युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी कोई और नहीं उसके ही अपने तीन करीब दोस्त थे. पुलिस जांच में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ है उसके मुताबिक हत्या के पीछे की असली वजह समलैंगिक संबंधों से जुड़ा एक वीडियो था.पुलिस ने इस मामले में मृतक के तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटे गए जेवरात, नकदी और मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. 

यह भी पढ़ें...

गले पर थे धारदार हथियार के निशान 

रामपुर अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि 26 मई को थाना सैफनी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है जिसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के गहरे निशान थे. पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. इस हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें  एक्टिव की गई थीं.

समलैंगिक वीडियो से शुरू हुआ विवाद

एएसपी अनुराग सिंह के मुताबिक, वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा जिनकी पहचान मोहसिन, दानिश और कासिम के रूप में हुई है.ये तीनों मृतक के जानने वाले और करीबी दोस्त थे. ये सभी एक साथ राजस्थान में रहकर वेल्डिंग का काम करते थे.

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतक और इन आरोपियों में से एक के बीच समलैंगिक संबंध थे. मृतक ने इस संबंध का एक वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था. वह इस वीडियो के जरिए अपने उस पार्टनर को बार-बार डराता था और वीडियो को उसके घरवालों को दिखाकर बदनाम करने की धमकी दे रहा था. ब्लैकमेलिंग से तंग आकर तीनों दोस्तों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली.

सबूत मिटाने के लिए तोड़ा मोबाइल

साजिश के तहत आरोपियों ने युवक को ठिकाने लगाने के बाद उसकी गर्दन रेत कर हत्या कर दी. वारदात को लूट का रूप देने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने मृतक के शरीर से सोने की चेन, अंगूठी और जेब में रखे रुपये लूट लिए थे. इसके साथ ही जिस मोबाइल में समलैंगिक संबंधों का वीडियो था उसे भी तोड़ दिया था.

पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन, लूटी गई चेन, अंगूठी और नकदी बरामद कर ली है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और लूट की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है.