संभल में हाइड्रा मशीन और बुलडोजर से ढाह दी गई 35 फीट ऊंची मस्जिद की मीनार, तब वहां मौजूद थे ये दो बड़े अधिकारी

Sambhal Bulldozer Action: संभल के मुबारकपुर बंद गांव में सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद और मदरसे पर प्रशासन का बुलडोजर चला. डीएम और एसपी की मौजूदगी में 35 फीट ऊंची मीनार को हाइड्रा मशीनों से ढहाया गया.अवैध कब्जों के खिलाफ यह अब तक की बड़ी कार्रवाई है.

Sambhal News

Sambhal News

अभिनव माथुर

17 Apr 2026 (अपडेटेड: 17 Apr 2026, 04:51 PM)

follow google news

Sambhal Bulldozer Action: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में अवैध निर्माण और सरकारी जमीन पर कब्जों के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर अभियान रुकने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव में भारी पुलिस बल और बड़े अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी कार्रवाई की गई. यहां सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए एक मदरसे और मस्जिद को प्रशासन ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. मस्जिद की 35 फीट ऊंची मीनार को गिराने के लिए दो हाइड्रा मशीनों और दो बुलडोजरों का सहारा लेना पड़ा. इस दौरान पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था.

यह भी पढ़ें...

पूरा मामला मुबारकपुर बंद गांव का है जहां करीब 1150 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी. 28 मार्च को हुई पैमाइश में सामने आया कि इसके 700 वर्ग मीटर हिस्से पर एक मदरसा, एक मस्जिद, पांच दुकानें और एक मकान बना हुआ है. प्रशासन ने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया था जिसके बाद कुछ निर्माण ग्रामीणों ने खुद हटा लिया था. लेकिन मस्जिद का ढांचा बरकरार था. शुक्रवार सुबह डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई.

मीनार गिराने के लिए बनाया गया स्पेशल प्लान

मस्जिद की 35 फीट ऊंची मीनार को गिराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती थी. एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को खाली कराया गया. इसके बाद एक व्यक्ति ने मीनार पर चढ़कर रस्सियां बांधीं जिन्हें बुलडोजर और हाइड्रा मशीनों से खींचकर मीनार को सुरक्षित दिशा में ढहाया गया. मस्जिद के अंदर रखे धार्मिक सामान को पहले ही बाहर निकलवा लिया गया था.

सुरक्षा के किए गए थे कड़े इंतजाम 

कार्रवाई के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए दो थानों की पुलिस, दो प्लाटून पीएसी और रैपिड रिएक्शन फोर्स की एक कंपनी तैनात की गई थी. अधिकारियों ने बताया कि यह इलाका घनी आबादी वाला है. इसलिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहे और ड्रोन कैमरों के जरिए स्थिति पर पैनी नजर रखी गई.

डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि खेल के मैदान और खाद के गड्ढों की जमीन पर यह अवैध निर्माण किया गया था. धारा 67 के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह कार्रवाई की गई है. जिले में अब तक सवा सौ हेक्टेयर जमीन कब्जा मुक्त कराई जा चुकी है. एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत लैंड बैंक बनाने के कांसेप्ट पर काम चल रहा है. सभी सरकारी जमीनों को सुरक्षित किया जा रहा है.

तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अवैध निर्माण चाहे किसी भी धर्म या संप्रदाय का हो उसे बख्शा नहीं जाएगा.आने वाले दिनों में अवैध कब्जा करने वालों पर आपराधिक मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे.