Basti Crime News: उत्तर प्रदेश के बस्ती से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुन किसी की भी रूह कांप जाए. शादी में बच्चे एन्जॉय करने और खाने-पीने के लिए जाते हैं. लेकिन क्या हो जब यही वजह किसी बच्चे की जिंदगी और मौत का कारण बन जाए. ऐसा ही कुछ हाल हुआ है छावनी थाना क्षेत्र में गए एक 11 साल के मासूम बच्चे का, जिसको कथित तौर पर जलते हुए तंदूर में फेंक दिया गया. बच्चे का कसूर बस इतना था कि उसने बिना किसी से पूछे रसगुल्ला खा लिया था. घटना के बाद बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.
ADVERTISEMENT
शादी समारोह में हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार 11 साल का पीड़ित बच्चा चमन अपनी नानी के साथ एक शादी में गया था. वहीं उसने एक स्टॉल पर रखे रसगुल्ले को बिना किसी की अनुमति के खा लिया. इतनी सी बात पर वहां मौजूद एक खाना बनाने वाले कारीगर भड़क गया. आरोप है कि गुस्से में आकर कारीगर ने मासूम को जलती हुई तंदूर की भट्टी में फेंक दिया. इस वजह से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा बच्चा
इस घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी कारीगर की तलाश शुरू कर दी है. डिप्टी एसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT









