कटाई से पहले ही जल गई बागपत के किसान राजकिशोर की 30 बीघा गेहूं की फसल, रो-रोकर बुरा हाल

Wheat Crop Fire: बागपत के सिसाना गांव में गेहूं की कटाई के बीच भीषण आग लगने से किसान राजकिशोर की 31 बीघा फसल जलकर राख हो गई. फसल बर्बाद होने से किसान सदमे में हैं.

Baghpat News

मनुदेव उपाध्याय

19 Apr 2026 (अपडेटेड: 19 Apr 2026, 01:18 PM)

follow google news

Wheat Crop Fire: उत्तर प्रदेश में गेहूं की कटाई का सीजन जोरों पर है. लेकिन इस बीच फसल में आग लगने की घटनाओं ने किसानों के बीच हड़कंप मचा दिया है. बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. सिसाना गांव में किसान की साल भर की मेहनत एक पल में राख हो गई. देखते ही देखते 31 बीघा गेहूं की लहलहाती फसल जलकर राख हो गई. आखों के सामने खेत का ये मंजर देखकर किसान परिवार सदमे में है और भारी आर्थिक नुकसान से टूट चुका है.

यह भी पढ़ें...

हादसा बागपत के सिसाना गांव का है जहां किसान राजकिशोर के खेतों में अचानक आग लग गई. फसल काटने की तैयारी चल रही थी और किसान अपनी खुशियों की उम्मीद बुन रहे थे. लेकिन तभी एक चिंगारी ने सब कुछ तबाह कर दिया. तेज हवाओं के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.देखते ही देखते पूरा खेत आग के समंदर में बदल गया.

पीड़ित किसान राजकिशोर का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की टीम देरी से पहुंची जिससे नुकसान और बढ़ गया. उन्होंने बताया कि मेरी करीब 26-27 बीघा फसल थी. पता नहीं आग कैसे लगी.मेरे साथ एक और किसान की फसल भी जलकर नष्ट हो गई है.'

घटना की पुष्टि करते हुए बागपत के मुख्य अग्निशमन अधिकारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सिसाना गांव में आग की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं. उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है. हालांकि तब तक 30 बीघा से अधिक फसल जलकर राख हो चुकी थी. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है. फिलहाल, मेहनत और उम्मीदों के यूं जल जाने से किसान परिवार सदमे में है और भारी आर्थिक नुकसान से टूट चुका है.