Baghpat DM Asmita Lal: बागपत के विकास भवन में आयोजित किसान दिवस की बैठक चर्चा का विषय बन गई है. दरअसल, किसानों की समस्याएं सुनने के लिए चल रही इस महत्वपूर्ण बैठक में एक लगूर ने एंट्री ले ली. जैसे ही लंगूर डीएम अस्मिता लाल की कुर्सी के पास पहुंचा वह तुरंत उठकर खड़ी हो गईं. इसके बाद लंगूर डीएम की कुर्सी पर बैठ गया. इस दिलचस्प घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
यहां जानिए पूरा मामला
दरअसल, किसान समाधान दिवस की बैठक में जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज राय मौजूद थे. किसान अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख रहे थे. तभी अचानक मटरू नाम का एक लंगूर सभा में पहुंच गया. किसानों की मेजों से होते हुए वह सीधे डीएम के पास जा पहुंचा. लंगूर को अपने करीब देखकर डीएम अस्मिता लाल ने तुरंत अपनी कुर्सी छोड़ दी और मुस्कुराते हुए उसकी ओर इशारा करते हुए कहा- 'बैठो इधर बैठो.' किसी ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
कौन है लंगूर मटरू?
दरअसल मटरू कोई नया मेहमान नहीं है. वह अक्सर कलैक्ट्रेट परिसर में दिखाई देता रहता है और कर्मचारियों व अधिकारियों के बीच जाना-पहचाना है. इससे पहले भी वह किसानों के धरने के दौरान डीएम अस्मिता लाल के पास पहुंच चुका है. उस समय उसने डीएम का पल्लू पकड़ लिया था और किसानों के साथ धरने में बैठ गया था, जिससे वह और भी चर्चित हो गया था.
कौन हैं IAS अस्मिता लाल
अस्मिता लाल भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2015 बैच की अधिकारी हैं. दिल्ली की मूल निवासी अस्मिता लाल का जन्म 17 दिसंबर 1989 को हुआ था. उन्होंने स्नातक (Graduate) की शिक्षा पूरी करने के बाद प्रशासनिक सेवा का रुख किया और 7 सितंबर 2015 को आईएएस के रूप में अपनी सेवा शुरू की. वर्तमान में वह बागपत जिले की जिलाधिकारी (DM) और कलेक्टर के रूप में तैनात हैं. उन्होंने 18 जनवरी 2025 को बागपत में कार्यभार संभाला था. अपनी संवेदनशीलता और कार्यशैली के कारण वह अक्सर चर्चा में रहती हैं, जैसा कि हाल ही में 'मटरू' लंगूर के साथ उनके सौहार्दपूर्ण व्यवहार के वीडियो में भी देखने को मिला.
ADVERTISEMENT









