घर में हो रही थीं बहू के आगमन की तैयारी... एक सड़क हादसे ने ले ली 6 लोगों की जान, दूल्हे के पिता की भी हुई मौत

हापुड़ के धौलाना मार्ग पर एक भीषण हादसे में बारातियों की बस पर ट्रक पलट गया. इस दुर्घटना में दूल्हे के पिता समेत 6 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हैं.

Hapur road accident

देवेंद्र शर्मा

• 10:58 AM • 13 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गुलावठी-धौलाना मार्ग पर बीती रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ. डासना (गाजियाबाद) से शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की बस को एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी और उसके ऊपर पलट गया. इस हादसे में मौके पर ही 6 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.

यह भी पढ़ें...

यह घटना रात करीब 1:30 बजे की है. बारात गाजियाबाद के डासना से वापस लौट रही थी. बस में सवार लोग हंसी-मजाक और जश्न के माहौल में डूबे थे तभी अचानक सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पूरी तरह बस के ऊपर जा गिरा. बस में सवार लोग मलबे और ट्रक के भारी वजन के नीचे दब गए.

दूल्हे के सिर से उठा पिता का साया

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि जान गंवाने वालों में दूल्हे के पिता भी शामिल हैं. जिस घर में बहू के स्वागत की तैयारियां हो रही थीं, वहां अब चिताओं की आग और चीखें बाकी हैं. हादसे में 6 लोगों की असामयिक मौत हुई है. 7 घायलों का इलाज रामा मेडिकल कॉलेज और जीएस मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकाला गया. पुलिस प्रशासन के अनुसार, बस में कुल 12 लोग सवार थे. मृतकों में एक व्यक्ति की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है, जिसके ट्रक ड्राइवर होने की आशंका जताई जा रही है. क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारू कराया गया है और पीड़ितों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है.

यहां देखें वीडियो रिपोर्ट