Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक युवक देवकीनंदन अपनी मां की जान बचाने की जद्दोजहद में उस कोबरा सांप को ही पकड़कर अस्पताल ले आया जिसने उसकी मां को काट लिया. अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड में डॉक्टर की टेबल पर जब डिब्बे में बंद फुफकारता सांप दिखा तो वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला
पीलीभीत के मधईया गांव की रहने वाली गंगादेवी घर में साफ-सफाई कर रही थीं. तभी एक जहरीले कोबरा सांप ने उन्हें काट लिया. मां की हालत बिगड़ती देख बेटा देवकीनंदन घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और सांप को एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर लिया. वह मां और सांप दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा ताकि डॉक्टर यह देख सकें कि किस प्रजाति के सांप ने काटा है और सही एंटी-वेनम दिया जा सके.
अस्पताल में सांप देख मच गया हड़कंप
जैसे ही परिजन अस्पताल पहुंचे उन्होंने इमरजेंसी वॉर्ड में डॉक्टर की मेज पर सांप वाला डिब्बा रख दिया. डिब्बे के भीतर कोबरा को देख वार्ड में मौजूद अन्य मरीज और तीमारदार डर के मारे बाहर भागने लगे.डॉक्टरों ने तुरंत स्थिति को संभाला और सांप को सुरक्षित दूर रखवाकर महिला का उपचार शुरू किया. बेटे देवकीनंदन ने बताया कि 'मां घर का काम कर रही थीं.तभी नाग ने उन्हें काट लिया और वह बेहोश होने लगीं. पहचान के लिए हम मां और नाग दोनों को साथ लेकर अस्पताल आए.'
CMS रमाकांत सागर ने बताया कि 'एक महिला को कोबरा ने काटा है. घरवाले महिला के साथ कोबरा को भी ले आए थे. महिला की स्थिति गंभीर है.लेकिन फिलहाल नियंत्रण में है और उनका इलाज चल रहा है.' ग्रामीण इलाकों में अक्सर लोग सांप की पहचान के लिए उसे साथ लाते हैं. लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि यह बेहद जोखिम भरा हो सकता है. फिलहाल गंगादेवी डॉक्टरों की ऑब्जर्वेशन में हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
ADVERTISEMENT









