निशा हत्याकांड में हरिओम पांडे जा चुका है जेल, 15 की जगह सपा के 200 लोग आए... बवाल के बाद गाजीपुर पुलिस ने क्या-क्या बताया?

Nisha Murder Case Update: गाजीपुर के निशा हत्याकांड मामले में सपा नेताओं के दौरे के दौरान हुए बवाल और पथराव के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं. पुलिस ने वीडियो साक्ष्यों के आधार पर 10 से ज्यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार कर गांव में शांति बहाल की है.

Nisha Murder Case Update

Nisha Murder Case Update

विनय कुमार सिंह

22 Apr 2026 (अपडेटेड: 22 Apr 2026, 06:03 PM)

follow google news

Nisha Murder Case Update: गाजीपुर के कटारिया गांव में निशा हत्याकांड का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. बुधवार को जब पीड़ित परिवार से मिलने के लिए समाजवादी पार्टी का एक दल गांव पहुंचा तो वहां भारी हंगामा और पथराव हो गया. इस घटना में पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए हैं. अब गाजीपुर पुलिस ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कार्रवाई की जानकारी दी है.

यह भी पढ़ें...

क्या है निशा हत्याकांड का मामला?

पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को जमानियां में गंगा किनारे निशा नाम की एक लड़की का शव मिला था. इस मामले में परिजनों की शिकायत पर करण्डा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और एक आरोपी हरिओम पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआत से ही कुछ लोग इस मामले में गलत जानकारी फैलाकर गांव का शांतिपूर्ण माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं जिसके खिलाफ पुलिस पहले से ही कानूनी कार्रवाई कर रही है.

सपा नेताओं के साथ क्यों हुआ विवाद?

पुलिस ने बताया कि आज जब सपा का प्रतिनिधिमंडल कटारिया गांव पहुंचा तो स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध जताया. गांव वाले नहीं चाहते थे कि कोई बाहरी व्यक्ति आकर उनके गांव का माहौल खराब करे. पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष और उनके सदस्यों को पहले ही स्थिति की गंभीरता के बारे में बता दिया था और केवल 15 लोगों के दल को ही मिलने की व्यवस्था की थी.लेकिन वहां लगभग 200 लोग पहुंच गए जिससे स्थिति बिगड़ गई. ग्रामीणों के विरोध और बाहर से आए कुछ लोगों की वजह से वहां हंगामा हो गया और पथराव की स्थिति पैदा हो गई.

पुलिस ने 10 से ज्यादा लोगों को किया गिरफ्तार

इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी और अन्य लोग चोटिल हुए हैं. गाजीपुर पुलिस ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर तत्परता दिखाते हुए अब तक 10 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है.

फिलहाल क्या है स्थिति?

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वे इस मामले में बहुत सख्ती से निपट रहे हैं. गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अब वहां पूरी तरह शांति है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा.