गाजियाबाद के घर में चोरी करने घुसा था चोर, ग्रिल के बीच इस तरह फंसा कि निकलना हुआ मुश्किल

Ghaziabad News: गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में एक नाबालिग चोर बंद मकान में चोरी करने घुसा.लेकिन ग्रिल और दीवार के बीच फंस गया. नशे में धुत चोर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. मकान मालिक की शिकायत न करने पर पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ा.

Ghaziabad News

मयंक गौड़

24 Apr 2026 (अपडेटेड: 24 Apr 2026, 02:21 PM)

follow google news

Ghaziabad News: गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग चोर के साथ ऐसी अजीबोगरीब घटना हुई जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. बंद पड़े मकान में चोरी की नीयत से घुसा एक किशोर लोहे की ग्रिल और दीवार के बीच इस कदर फंस गया कि उसका निकलना मुहाल हो गया. शोर मचाने पर जब आसपास के लोग जुटे तो देखा कि चोर खुद ही शिकंजे में जकड़ा हुआ था. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, परिवार घर पर ताला लगाकर बाहर घूमने गया था. इसी दौरान मौका पाकर एक नाबालिग किशोर घर में चोरी की मंशा से दाखिल हुआ. लेकिन जैसे ही उसे गली में लोगों की आवाजाही का आभास हुआ वह घबराकर बिना चोरी किए ही भागने की कोशिश करने लगा. इसी अफरा-तफरी में उसकी बदकिस्मती काम कर गई और वह लोहे की ग्रिल के संकरे गैप में बुरी तरह फंस गया.

नशे में धुत्त था किशोर

मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया किशोर नशे की हालत में था जिस वजह से वह अपना संतुलन खो बैठा और ग्रिल के बीच फंस गया. देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जो देखते ही देखते वायरल हो गया. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोर को सुरक्षित बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया.

चेतावनी देकर छोड़ा गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया. मकान मालिक ने जब घर पहुंचकर जांच की और पाया कि उनका कोई भी सामान चोरी नहीं हुआ है तो उन्होंने आरोपी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया. पुलिस ने भी किशोर की उम्र और चोरी न हो पाने की स्थिति को देखते हुए उसे सख्त चेतावनी दी और भविष्य में ऐसी गलती न करने की हिदायत देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया. यह मामला फिलहाल पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.