बदायूं में शादी का नेग मांगने पहुंचे किन्नरों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, खून से लथपथ हुआ दूल्हे का भतीजा गौरव

Budaun Crime News: बदायूं में शादी के दौरान नेग की रकम को लेकर किन्नरों ने जमकर तांडव मचाया. 11 हजार की मांग पूरी न होने पर उन्होंने सरेआम फायरिंग कर दी जिसमें दूल्हे का 16 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया.

Budaun Crime News

अंकुर चतुर्वेदी

• 05:39 PM • 24 Apr 2026

follow google news

Budaun Crime News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां शादी के घर में गूंज रही शहनाई को किन्नरों की दबंगई ने मातम में बदल दिया. कुंवर गांव थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नेग की रकम को लेकर हुए विवाद के बाद किन्नरों ने सरेआम फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में दूल्हे के 16 साल के भतीजे गौरव को गोली लग गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

हुसैनपुर गांव के रहने वाले प्रेमशंकर की बेटी की बारात मूसाझाग थाना क्षेत्र के कथरा गांव से आई थी. आरोप है कि फेरों से ठीक पहले आधा दर्जन किन्नर एक कार से पहुंचे और दूल्हे के पिता से 11,000 रुपये नेग की मांग करने लगे. जब दूल्हे के पिता ने अपनी असमर्थता जताते हुए 1,100 रुपये देने की बात कही तो किन्नर आपा खो बैठे. देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई जो जल्द ही हिंसक रूप में बदल गई.

विवाद इतना बढ़ा कि कार में सवार एक किन्नर ने तमंचा निकाल लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस फायरिंग में दूल्हे का 16 साल का भतीजा गौरव गोली लगने से घायल हो गया. शादी के मंडप में हुई इस फायरिंग से बारात में भगदड़ मच गई और हर तरफ जान बचाने की कोशिश होने लगी. ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए छह किन्नरों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.

पुलिस की कार्रवाई 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गौरव को अस्पताल भिजवाया. सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि हिरासत में लिए गए किन्नरों की कार की तलाशी लेने पर पुलिस को दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखे, लाठी-डंडे और कैंची बरामद हुई है. पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

नेग या गुंडागर्दी?

इस वारदात ने समाज में फैली उस कुप्रथा पर सवाल खड़े कर दिए हैं जहां आशीर्वाद के नाम पर होने वाली वसूली अब जानलेवा साबित हो रही है. शादी जैसे पवित्र उत्सव में हथियारों का प्रदर्शन यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर नेग मांगने के नाम पर ये दबंगई कब तक जारी रहेगी? फिलहाल बदायूं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.