Amethi girl missing case: गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. युवती के पिता ने गांव के ही एक युवक पर पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
पीड़ित पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 19 वर्षीय पुत्री बीते 9 मार्च से घर से लापता है. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि लाल शाहपुर मजरे संभावा निवासी विवेक कुमार उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है.
पीड़ित का आरोप है कि युवक ने उनकी पुत्री को अपने झांसे में लेकर घर से भगाया है. उन्होंने पुलिस से बेटी की जल्द बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी विवेक कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.
युवती की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है. संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर युवती को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT









