Amethi Pradhan Protest Panchayat Term Extension Demand Administrator System Opposition: पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने से पहले ग्राम प्रधानों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है. मंगलवार को प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान कलेक्ट्रेट पहुंचे और पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग उठाई. प्रधानों ने जिलाधिकारी संजय चौहान को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा है. साथ ही गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह को भी पत्र भेजकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया.
ADVERTISEMENT
प्रधानों का कहना है कि प्रदेश में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया अभी पूरी तरह तैयार नहीं है. मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य जारी है, पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन लंबित है और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी है. ऐसे में समय पर चुनाव कराना मुश्किल दिखाई दे रहा है. प्रधानों ने कहा कि अगर पंचायतों में प्रशासक बैठाए गए तो ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं.
प्रशासक व्यवस्था का हुआ विरोध
ग्राम प्रधानों ने प्रशासक व्यवस्था का विरोध करते हुए कहा कि पहले भी ऐसी व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठ चुके हैं. उनका कहना है कि निर्वाचित प्रधान सीधे जनता से जुड़े रहते हैं और गांव की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं. इसलिए पंचायतों में जनप्रतिनिधियों की भूमिका बनाए रखना जरूरी है.
पंचायतों का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाने की मांग
प्रधान संघ ने पंचायतों का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाने की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी और ग्रामीणों का भरोसा भी कायम रहेगा. इस दौरान ललित सिंह, तीरथ मिश्रा समेत बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT









