Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर शहर में स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में गुरुवार को सर्वर रूम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के आंख अस्पताल रोड स्थित बैंक शाखा की है. आग लगने की सूचना मिलते ही बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई. सुरक्षा के मद्देनजर बैंक परिसर को तत्काल खाली कराया गया.
ADVERTISEMENT
प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मचारियों के अनुसार सर्वर रूम से अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वहां से धुआं निकलने लगा. धुआं फैलते ही बैंक में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी.
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन सर्वर रूम में रखे उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटी हैं.
ADVERTISEMENT










