Sitapur News: मोहर्रम पर्व एवं ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई.
ADVERTISEMENT
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है. उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में सभी धार्मिक आयोजन परंपरागत एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
डीएम ने उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को कोचिंग सेंटरों, होटलों, लॉज, छात्रावासों और लाइब्रेरियों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बिना आवश्यक अनुमति, पंजीकरण, एनओसी एवं अन्य वैधानिक औपचारिकताओं के संचालित संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई कर उनका संचालन बंद कराया जाए. साथ ही अग्निशमन सुरक्षा, भवन सुरक्षा और आपातकालीन निकास व्यवस्था की भी जांच सुनिश्चित की जाए.
जिलाधिकारी ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व, पुलिस एवं खनन विभाग संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करें. शासन की शून्य सहनशीलता नीति के तहत लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी.
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करने, ताजिया मार्गों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा स्थानीय नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए.
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. भ्रामक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्टों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए.
बैठक में ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों एवं धर्मगुरुओं के सुझावों पर चर्चा की गई.
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से शांति, सद्भाव और भाईचारे की परंपरा बनाए रखने में सहयोग की अपील की. इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
ADVERTISEMENT










