Sitapur News: बार एसोसिएशन सीतापुर के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिले में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों की जांच कराने तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की.
ADVERTISEMENT
ज्ञापन में कहा गया कि लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में स्थित एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना में 15 छात्रों की मृत्यु अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है. बार एसोसिएशन ने दिवंगत छात्रों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.
बार एसोसिएशन ने मांग की कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण, भवन की उपयुक्तता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास द्वार तथा अन्य सुरक्षा मानकों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए.
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सीतापुर जिले के प्रत्येक कोचिंग सेंटर की जांच कराई जाए तथा जिन संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए.
इसके अतिरिक्त, घटना में घायल छात्रों का निशुल्क एवं समुचित उपचार कराए जाने तथा दिवंगत छात्रों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किए जाने की मांग भी की गई.
इस संबंध में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने कहा कि जिले में कई कोचिंग संस्थानों के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई हैं. सभी मामलों की शीघ्र जांच कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि जो भी कोचिंग संस्थान बिना पंजीकरण संचालित पाए जाएंगे अथवा जहां अग्निशमन एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं होंगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ऐसे केंद्रों को बंद कराया जाएगा.
ADVERTISEMENT










