Ballia News: उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने लखनऊ में कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में छात्रों की असमसय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पूरी घटना की मॉनीटरिंग कर रहे हैं और जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
घटना के दोषियों को बख्सा नहीं जाएगा
लखनऊ की दुखद घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कोचिंग संस्थान में लगी आग में छात्रों की मृत्यु अत्यंत हृदय विदारक है. हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की. सरकार ने जांच टीम गठित कर दी है. जो भी दोषी पाया जाएगा और जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सपा पर बरसे मंत्री, बोले- मुसलमानों के हितैषी नहीं
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के समाजवादी पार्टी पर दिए बयान का समर्थन करते हुए दानिश आजाद ने सपा और इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहां कांग्रेस की यह बात बिल्कुल सही है कि सपा कभी भी अल्पसंख्यकों की हितैषी नहीं रही. 2012 से 2017 तक सपा शासनकाल में मुसलमान के लिए कितने शैक्षणिक संस्थान खोले गए? सपा ने केवल उनके जज्बातों के साथ खिलवाड़ कर राजनीतिक रोटियां सेंकी हैं. जबकि एनडीए सरकार ने अल्पसंख्यकों के शिक्षा, रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के लिए वास्तविक काम किए हैं, जिससे आज उनका विश्वास बीजेपी पर बढ़ा है.
निजी स्वार्थ की राजनीति कर रहा इंडी गठबंधन
टीएमसी, शिवसेना समेत अन्य विपक्षी दलों में हो रही टूट पर मंत्री ने कहा कि ये दल केवल अपने निजी स्वार्थ और एजेंडे के लिए राजनीति कर रहे हैं. इन दलों के भीतर मची खींचतान साबित करती है कि इनके अंदर सब कुछ ठीक नहीं है.
2027 में फिर बनेगी भाजपा की प्रचंड सरकार
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारीयों पर बात करते हुए दानिश आजाद ने कहा कि यूपी की जनता ने बसपा और सपा का शासन देखा है. जहां गुंडों और अपराधियों को संरक्षण मिलता था. आज योगी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में अल्पसंख्यक पिछड़ा और पसमांदा समाज के लिए जो कार्य किए हैं, वे आजादी के बाद से अब तक की किसी भी सरकार ने नहीं किया है. जनता का हमारी सरकार पर अटूट भरोसा है और हम प्रचंड बहुमत के साथ पुनः सरकार बनाएंगे.
ADVERTISEMENT










