Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है. उभांव थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने ही बहनोई पर पिछले 15 सालों से यौन शोषण, मारपीट और अमानवीय अत्याचार करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में अपनी आपबीती सुनाई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए.
ADVERTISEMENT
12 साल की उम्र से शुरू हुई हैवानियत
एसपी से गुहार लगाने पहुंची पीड़िता ने बताया कि जब वह मात्र 12 साल की थी, तब उसके बहनोई सोनू फरसाटारी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया. इसके बाद आरोपी ने परिवार की इज्जत और जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता को चुप करा दिया.
शादी तुड़वाई और फिर बनाया बंधक
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब कुछ साल बाद उसकी शादी हुई, तो आरोपी सोनू ने उसके पति को उसकी नग्न तस्वीरें दिखाकर शादी तुड़वा दी. इसके बाद पीड़िता को पूरी तरह से और असहाय पाकर आरोपी ने उसे निकाह का झांसा दिया और पिछले 15 सालों से लगातार उसका यौन शोषण कर रहा है. पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने जबरन उसके आठ बार गर्भपात कराए और विरोध करने पर उसे जानवरों की तरह पीटा जाता था.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक बार वह मोबाइल पर गेम खेल रही थी, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उसे घर में बांधकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी टांग टूट गई. इतना ही नहीं टांग टूटने के बाद भी आरोपी की हैवानियत कम नहीं हुई और उसने उसे बाथरूम में घसीटकर बुरी तरह प्रताड़ित किया.
बहन और आरोपी का पूरा परिवार शामिल
पीड़िता ने अपनी बहन और उसके बेटे पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि आरोपी पक्ष उसे आए दिन जान से मारने की धमकी देता है और उसे रखैल कहकर प्रताड़ित करता है. पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस अधीक्षक बलिया और संबंधित अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है और अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है.
फिलहाल इस सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई में जूटी है.
ADVERTISEMENT










