Sitapur News: बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने भारतनेट उद्यमी योजना का शुभारंभ किया है. इस योजना के माध्यम से इच्छुक व्यक्ति कम पूंजी निवेश कर अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकते हैं और नियमित आय अर्जित कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT
बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार योजना के शुरुआती चरण में लगभग डेढ़ लाख रुपये के न्यूनतम निवेश की आवश्यकता होगी. योजना से जुड़ने वाले उद्यमियों को ग्रामीण क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड सेवाओं का विस्तार करने और नए उपभोक्ताओं को इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का कार्य सौंपा जाएगा. इसके बदले बीएसएनएल की ओर से आकर्षक भुगतान और प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था की गई है.
योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके गृह जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें रोजगार की तलाश में बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाकर शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य ऑनलाइन सेवाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ाई जा सके.
आवास विकास स्थित बीएसएनएल कार्यालय में कार्यरत अवर दूरसंचार अधिकारी अभय विश्वकर्मा ने बताया कि भारतनेट उद्यमी योजना स्वरोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. इच्छुक व्यक्ति योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए बीएसएनएल कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा मोबाइल नंबर 9451707000 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.
सीतापुर व्यापार क्षेत्र के प्रधान महाप्रबंधक कृष्ण मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि यह योजना युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता का बेहतर अवसर प्रदान करेगी. उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से इस योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की. बीएसएनएल को उम्मीद है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं का विस्तार होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
ADVERTISEMENT










