Sitapur News: सीतापुर जिले में नियमित टीकाकरण से छूटे और वंचित बच्चों को टीका सुरक्षा चक्र में शामिल करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग सीतापुर एवं गावी (Gavi) के संयुक्त तत्वावधान में ‘जीरो डोज’ कार्यक्रम के द्वितीय चरण के तहत जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की एक दिवसीय संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन होटल नारायण में किया गया. कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
ADVERTISEMENT
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समददार ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है. सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चे को समय पर सभी आवश्यक टीके उपलब्ध कराए जाएं.
सीएमओ ने बताया कि ‘जीरो डोज’ कार्यक्रम विशेष रूप से उन बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण से जोड़ने के लिए संचालित किया जा रहा है, जो किसी कारणवश अब तक नियमित टीकाकरण का लाभ नहीं ले सके हैं. उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रणनीति के तहत अभियान चलाकर ऐसे बच्चों तक पहुंच बनाई जाएगी तथा उनके अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा.
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. इमरान ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे चरण में जीरो डोज बच्चों की पहचान, ट्रैकिंग और उन्हें नियमित टीकाकरण सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि संचार गतिविधियों के माध्यम से वैक्सीन के प्रति संकोच या इनकार करने वाले परिवारों को भी प्रेरित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को टीकाकरण का लाभ मिल सके.
कार्यशाला में प्रतिभागियों को जीरो डोज कार्यक्रम की रणनीतियों, समुदाय आधारित हस्तक्षेपों तथा टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई.
इस अवसर पर महेंद्र उपाध्याय (प्रोजेक्ट ऑफिसर, एडरा इंडिया), गौरव दीक्षित (मंडलीय स्वास्थ्य समन्वयक, यूनिसेफ), मोहित मेहरोत्रा (जिला समन्वयक, गावी जीरो डोज कार्यक्रम), जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी राज कुमार सहित सभी ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे.
स्वास्थ्य विभाग ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से जनपद में टीकाकरण कवरेज में उल्लेखनीय सुधार होगा और कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहेगा.
ADVERTISEMENT










