Gonda Medical College: राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय गोण्डा में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के नवनिर्मित प्रसव विंग एवं वॉर्ड का लोकार्पण मंगलवार को विधायक सदर गोण्डा प्रतीक भूषण सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन तथा सांसद प्रतिनिधि एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्रा ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर चिकित्सा महाविद्यालय के अधिकारियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने अतिथियों का स्वागत किया.
ADVERTISEMENT
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है. नए प्रसव विंग के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार कार्य कर रही है.
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह प्रसव विंग माताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर उपचार एवं देखभाल प्रदान करेगा. उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय प्रशासन को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नवस्थापित प्रसव विंग एवं वॉर्ड का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवाद कर मरीजों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं देने की अपेक्षा व्यक्त की.
इस अवसर पर प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे. नए प्रसव विंग के शुभारम्भ से जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
ADVERTISEMENT










