Gonda Operation Conviction: जनपद में अपराधियों को न्यायालय से अधिकतम दण्ड दिलाने और दोषसिद्धि की दर बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कार्यालय सभागार में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत गोष्ठी आयोजित की गई. पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने की.
ADVERTISEMENT
गोष्ठी में कोर्ट मुहर्रिरों एवं न्यायालय पैरोकारों को संबोधित करते हुए एएसपी पश्चिमी ने कहा कि चिन्हित अभियोगों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना, मजबूत साक्ष्य संकलन, गवाहों की समयबद्ध उपस्थिति तथा अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियुक्तों को शीघ्र एवं कठोर दण्ड दिलाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है.
उन्होंने न्यायालय में लंबित महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील मामलों की नियमित समीक्षा करने, समन एवं वारंटों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा गवाहों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए. साथ ही अभियोजन अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर करने पर जोर दिया.
बैठक के दौरान ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत चिन्हित मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई और न्यायालय पैरोकारों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. एएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करने के लिए प्रेरित किया.
ADVERTISEMENT










