Yogi Adityanath Gonda Tour: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को एक बार फिर गोंडा दौरे पर आ रहे हैं, महज 13 दिनों के भीतर यह उनका दूसरा गोंडा दौरा होगा. मुख्यमंत्री देवीपाटन और बस्ती मंडल के लोक निर्माण विभाग (PWD) के पुराने विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा नई परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी प्रोटोकॉल के अनुसार, सीएम योगी 19 जून को दोपहर 12:20 बजे अयोध्या के मां कामाख्या धाम रूदौली हेलीपैड से गोंडा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे. इसके बाद वे सीधे मंडलायुक्त कार्यालय स्थित महाराजा सुहेलदेव सभागार पहुंचकर दोपहर 12:25 बजे से 2:00 बजे तक समीक्षा बैठक करेंगे.
बैठक में देवीपाटन एवं बस्ती मंडल के सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री पुराने विकास कार्यों की प्रगति, उनकी वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करेंगे.
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. अधिकारियों को पुराने कार्यों का विस्तृत ब्योरा और प्रगति रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं. बैठक के बाद मुख्यमंत्री गोंडा सर्किट हाउस जाएंगे और वहां से अयोध्या के लिए रवाना होकर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
देवीपाटन मंडल की कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं, प्रशासनिक अमला दौरे को सफल बनाने में जुटा हुआ है.
ADVERTISEMENT










