UP Election Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और छात्राओं को लेकर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने का ऐलान किया है. सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव की मौजूदगी में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में योजना की जानकारी दी गई. डिंपल यादव ने कहा कि योजना के तहत महिलाओं को मोबाइल, लैपटॉप, आर्थिक सहायता, पाठशाला और प्रशिक्षण के जरिए सशक्त बनाने पर जोर दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT
इंटर पास छात्राओं को लैपटॉप और पढ़ाई में मदद
डिंपल यादव ने कहा 'सपा स्त्री सम्मान समृद्धि योजना शुरू करने जा रही है. इसके तहत मोबाइल, लैपटॉप, पैसा, पाठशाला, प्रशिक्षण के जरिए स्त्री सशक्तिकरण का काम किया जाएगा. हम 40 हजार से शुरुआत करेंगे, जिसमें हर साल बढ़ोतरी होगी.' उन्होंने कहा कि पीडीए में ‘ए’ का मतलब आधी आबादी है. योजना को लेकर सपा की महिला सांसद और विधायक भी अपनी बात रख रही हैं. इंटरमीडिएट पास करने वाली हर छात्रा को लैपटॉप देने, आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और नौकरी के आवेदन में मदद की बात कही गई है.
सरकारी स्कूल में फीस माफ, प्राइवेट में आधी
सपा के ऐलान के मुताबिक, सरकारी स्कूलों में छात्राओं की पूरी फीस माफ करने और प्राइवेट स्कूलों में आधी फीस करने की बात कही गई है. इसके साथ ही शुद्ध पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्था का भी वादा किया गया है. महिलाओं को सरकारी और प्राइवेट संस्थानों में हर महीने दो दिन का अवकाश देने की बात भी कही गई है. हर सरकारी और निजी दफ्तर में महिला शौचालय अनिवार्य करने का भी ऐलान किया गया है.
1090 पावर लाइन होगी मजबूत
सपा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 पावर लाइन को फिर से मजबूत किया जाएगा. इसके अलावा प्रदेश की हर निराश्रित महिला के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी. पार्टी ने बंद किए गए 26 हजार से ज्यादा स्कूलों को दोबारा खोलने का भी ऐलान किया है. सपा के मुताबिक स्कूल में चाहे सिर्फ एक छात्र ही पढ़ता हो, उसे भी बंद नहीं किया जाएगा.
बीजेपी की योजना के मुकाबले सपा का ऐलान
यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘लोकनाट्य अहिल्याबाई योजना’ शुरू की है. वहीं बीजेपी की ओर से 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त बस सेवा देने की बात कही गई है. इसके मुकाबले सपा ने महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. अब सपा की इस घोषणा को आगामी चुनावी राजनीति में महिला वोटरों को साधने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT











