2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू हो गई है. इस बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बड़ा ऐलान कर दिया है. गाजीपुर पहुंचे राजभर ने चुनावी ताल ठोकते हुए साफ कर दिया कि वह अपनी पारंपरिक सीट जहूराबाद से ही चुनाव लड़ेंगे. जबकि अतरौलिया सीट से उनके बेटे अरुण राजभर तैयारी कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा काल में अति पिछड़ों की उपेक्षा हुई और माफिया राज को बढ़ावा मिला. वहीं मऊ से विधायक अब्बास अंसारी के साथ अपने रिश्तों पर राजभर ने मुस्कुराते हुए कहा 'वह मुझे चाचा कहते हैं और सही कहते हैं, मैं उनका चाचा ही हूं.'
2027 चुनाव और सीटों के बंटवारे पर दिल्ली में होगा फैसला
2027 के चुनावी समीकरणों पर बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर संगठन को मजबूत कर रही है. NDA में सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि चुनाव का बिगुल बजने के बाद सीटों का अंतिम फैसला दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर होगा. उन्होंने डॉ. संजय निषाद के साथ किसी भी तरह के मनमुटाव या दुराव से साफ इनकार किया.
आजमगढ़ में शक्ति प्रदर्शन
29 नवंबर को आजमगढ़ में सुभासपा एक विशाल रैली का आयोजन करने जा रही है. राजभर ने दावा किया कि इस दिन पूरा पूर्वांचल उनकी पार्टी की असली राजनीतिक ताकत का गवाह बनेगा.
अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार
अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि 2022 के चुनाव में जब सुभासपा सपा के साथ थी तब पूर्वांचल और गाजीपुर की सातों सीटों पर गठबंधन ने जीत दर्ज की थी. लेकिन अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं.
राजभर ने कहा कि सपा सरकार में नाई, प्रजापति, पाल, कुम्हार, लोहार, राजभर और निषाद जैसी अति पिछड़ी जातियों को कोई राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला. उन्होंने अखिलेश यादव पर अपनी पार्टी सुभासपा को तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा प्रमुख अपने मंसूबों में पूरी तरह नाकाम रहे.
अब्बास अंसारी के चाचा वाले बयान पर ये बोले राजभर
मऊ से विधायक अब्बास अंसारी द्वारा उन्हें चाचा कहे जाने और आगामी चुनाव में आमने-सामने की लड़ाई के सवाल पर राजभर ने कहा 'अब्बास मुझे चाचा कहते हैं तो बिल्कुल सही कहते हैं. रिश्ता सही है और मैं उनका चाचा हूं.' अब्बास अंसारी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने के सवाल पर उन्होंने रहस्य बरकरार रखते हुए कहा कि जब चुनाव का वक्त आएगा, तब की परिस्थितियां देखकर इसका जवाब दिया जाएगा.
राजनीतिक बयानों के बीच मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने गाजीपुर में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा का शुभारंभ भी किया. 'लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर निःशुल्क बस सेवा' के तहत प्रदेश की महिलाओं और बच्चियों को रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त तक यूपी रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी.
60+ महिलाओं को आजीवन छूट: उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह महिलाओं को बड़ा तोहफा है, जिसके तहत 60 साल से अधिक उम्र की बुजुर्ग महिलाओं को आधार कार्ड या स्मार्ट कार्ड के जरिए आजीवन मुफ्त बस यात्रा का लाभ दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT











