बीजेपी पर वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़े और 'वोटों की डकैती' का आरोप, अखिलेश यादव ने किया 19 लाख फर्जी वोट पकड़ने का दावा

यूपी तक

• 08:33 AM • 16 Oct 2026

यूपी में समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर फर्जी मतदान और वोटों में धांधली के आरोप लगाए हैं. सपा का दावा है कि 19.20 लाख संदिग्ध वोटों की सूची तैयार कर चुनाव आयोग को सौंपी गई. पार्टी ने 100 विधानसभा सीटों पर शिकायत की है.

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

Google CTA

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर नया राजनीतिक संग्राम छिड़ गया है. समाजवादी पार्टी (SP) ने भारतीय जनता पार्टी पर चुनावों में 'वोटों की डकैती' डालने और बड़े पैमाने पर फर्जी मतदान का गंभीर आरोप लगाया है. पार्टी का दावा है कि उनके जमीनी कार्यकर्ताओं ने राज्यभर से लगभग 19 लाख 20 हजार फर्जी वोटों की सूची तैयार कर ली है और चुनाव आयोग को इसके पुख्ता सबूत भी सौंपे गए हैं.

यह भी पढ़ें...

फर्जी वोटों और डबल वोटिंग का बड़ा दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी ने दावा किया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी की हार तय मानी जाती है वहां सबसे ज्यादा फर्जी वोट जुड़वाए जाते हैं. ऐसे जिले जहां सबसे ज्यादा फर्जी वोट पकड़े जाने का दावा है उनमें लोनी (लगभग 15,000), साहिबाबाद (लगभग 13,000), महरौनी, दादरी, ललितपुर और जखनिया (प्रत्येक में लगभग 12,000)शामिल है.

पार्टी ने उदाहरण देते हुए बताया कि कुछ मामलों में एक ही व्यक्ति (जैसे विकास यादव या शंभू शंकर शर्मा) के नाम पर एक से ज्यादा (यहां तक कि 10 तक) फर्जी वोट और अलग-अलग एपिक (EPIC) नंबर तक तैयार कर दिए गए हैं. पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे मामलों में एक वोट असली मतदाता खुद डालेगा, बाकी फर्जी वोट बीजेपी अपने पक्ष में डलवा लेगी.

चुनाव आयोग की प्रक्रिया और बीएलओ की मौत का मुद्दा

सपा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा कराई गई SIR प्रक्रिया और फॉर्म 6 के सत्यापन के दौरान बड़े पैमाने पर डेटा छिपाया गया. पार्टी ने यह भी दावा किया कि इस पूरी प्रशासनिक कसरत के दौरान लगभग 29 से ज्यादा बीएलओ की जांच के तनाव या अन्य कारणों से जान चली गई और करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद भी परिणाम संतोषजनक नहीं रहे.

बीजेपी की चुनावी चालें गिनाईं

समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए प्रमुख चुनावी रणनीतियों और कथित धांधलियों की सूची सामने रखी.

1.विरोधियों के असली वोट कटवाना और भाजपा के पक्ष में नकली वोट जुड़वाना.

2.मतदान से पहले पैसा, खाना-पानी और अन्य संसाधनों की व्यवस्था करना.

3.मतदान के दिन मतदाताओं पर दबाव बनाना या डराना-धमकाना.

4.ईवीएम मशीनों और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करना.

5.मतगणना के दिन फर्जी गिनती कराना और हारे हुए भाजपा प्रत्याशियों को विजेता घोषित करवाकर प्रमाण पत्र दिलवाना.

6.चुनाव के बाद विपक्ष में फूट डलवाना और विपक्षी खेमे के नेताओं को तोड़कर सरकार बनाना.

100 विधानसभाओं में शिकायत और आगे की रणनीति

सपा ने कहा कि उन्होंने राज्य की लगभग 100 विधानसभा सीटों पर फर्जी वोटों की लिखित शिकायत चुनाव आयोग से की है. पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं और 'पीडीए प्रहरियों' से अपील की है कि वे सतर्क रहें. पार्टी का कहना है कि आगामी चुनावों में जनता के आक्रोश और सजगता के आगे कोई भी चुनावी षड्यंत्र सफल नहीं होने दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: अतीक के गढ़ कसारी-मसारी का योगी सरकार बदलेगी नाम, अब 'कृष्णपुरी' होगी नई पहचान