अतीक के गढ़ कसारी-मसारी का योगी सरकार बदलेगी नाम, अब 'कृष्णपुरी' होगी नई पहचान
Kasari Masari Name Change: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतीक अहमद के गढ़ 'कसारी-मसारी' का नाम बदलने का बड़ा ऐलान किया है. जल्द ही इस इलाके को 'कृष्णपुरी' नाम से विकसित किया जाएगा.
ADVERTISEMENT

Kasari Masari Name Change: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतीक अहमद के गढ़ 'कसारी-मसारी' का नाम बदलने का बड़ा ऐलान किया है. जल्द ही इस इलाके को 'कृष्णपुरी' नाम से विकसित किया जाएगा. योगी आदित्यनाथ ने अतीक का जिक्र करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अब प्रयागराज के किसी भी इलाके की पहचान किसी माफिया के नाम से नहीं होगी. बता दें यह इलाका अतीक अहमद का गढ़ माना जाता था. इसी इलाके के कब्रिस्तान में अतीक, उसके भाई अशरफ और बेटे को दफनाया गया है. मुख्यमंत्री ने यह ऐलान प्रयागराज में माफियाओं से खाली कराई गई जमीन पर बनने जा रहे 602 नए आवासों के लिए आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान किया है.
'कसारी-मसारी' बनेगा 'कृष्णपुरी'
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि कसारी-मसारी का नाम बदलना और उसे 'कृष्णपुरी' के रूप में बसाना विकास की प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है. उन्होंने बताया कि शारदीय नवरात्र के मौके पर यहां जो भी नए आवास बनेंगे और जो भी नई टाउनशिप विकसित की जाएगी, वह 'कृष्णपुरी' का ही हिस्सा होगी. अब यह पूरा इलाका एक नई चमक और आभा के साथ आगे बढ़ेगा और इसकी पहचान किसी माफिया से नहीं जुड़ी होगी.
माफिया राज ने किया था प्रयागराज को किया कलंकित
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब माफिया राज के चलते प्रयागराज की छवि पूरी तरह खराब हो चुकी थी. यह दौर व्यापारियों, बेटियों, प्रशासन और न्यायपालिका सभी के लिए एक बहुत बड़ी चुनौती बन गया था. माफियाओं ने यहां के प्रतिभाशाली युवाओं को भी दबाने की खूब कोशिश की थी. लेकिन आज वह माफिया राज मिट्टी में मिल चुका है. इसका जीता-जागता उदाहरण पिछले साल के यूपीएससी परिणाम में दिखा है, जहां प्रयागराज की एक बेटी ने टॉप करके शहर का गौरव फिर से लौटाया है.
'माफियाओं के आगे घुटने टेकती थी पुरानी सरकारें'
मुख्यमंत्री ने पुरानी घटनाओं को याद दिलाते हुए कहा, 'याद कीजिए... प्रयागराज में कभी माफिया अतीक और अशरफ जिस जमीन पर कदम रखते थे, वह जमीन उनकी हो जाती थी. उस समय की तत्कालीन सरकारें उन माफियाओं के सामने घुटने टेककर चुपचाप तमाशा देखती थीं.' सीएम योगी ने यह भी कहा कि उस समय बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी और माफिया हथियार लहराकर प्रयागराज की सड़कों और गलियों में दहशत फैलाते थे.
'अपराधियों के प्रति अपनाई जीरो टॉलरेंस की नीति'
सीएम योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई, तो पहले ही दिन यह साफ कर दिया गया था कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि यूपी माफियामुक्त बनेगा और आज उसके नतीजे सबके सामने हैं. जो माफिया कभी डर और दहशत का प्रतीक थे, आज वही गिड़गिड़ाते नजर आ रहे हैं.
माफिया की जमीन पर बन रहे गरीबों के आवास
मुख्यमंत्री ने राजू पाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इसी प्रयागराज की धरती पर विधायक राजू पाल को सरेआम गोली मार दी गई थी. आज हमारी सरकार में स्थिति बदल गई है. जिन जमीनों को माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया गया था, उन जमीनों पर सरकार ने पिछले दिनों गरीबों को आवास बनाकर दिए थे. आज इसी कड़ी में यहां पर और 602 नए आवास बनाने के लिए भूमिपूजन का काम पूरा किया गया है.
यह भी पढ़ें: राजनीति में कदम रखने वालीं पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने बताया अपनी नई पार्टी का नाम
