उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. समाजवादी पार्टी से बगावत करने वाले विधायक राकेश प्रताप सिंह ने आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण कर ली है. इस जॉइनिंग के लिए अमेठी के गौरीगंज में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां उमड़ी भारी भीड़ ने इसे एक बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया.
ADVERTISEMENT
सपा से अलगाव और क्रॉस वोटिंग का सफर
राकेश प्रताप सिंह समाजवादी पार्टी के टिकट पर लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं और पार्टी के एक बड़े चेहरे माने जाते थे. हालांकि 2023 के राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पार्टी लाइन से अलग जाकर क्रॉस वोटिंग की थी और खुद को सनातनी बताते हुए 'जय श्री राम' का नारा दिया था. तभी से उनका समाजवादी पार्टी से अलगाव तय माना जा रहा था. आमतौर पर ऐसी जॉइनिंग लखनऊ में होती हैं. लेकिन इस बार गौरीगंज में इस बड़े कार्यक्रम का आयोजन कर बीजेपी ने अमेठी और रायबरेली क्षेत्र में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को कड़ा राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया है.
पीडीए फॉर्मूले पर तीखा हमला
बीजेपी में शामिल होने के बाद विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए राकेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने इसे पूरी तरह एक दिखावा, धोखा और जनता को गुमराह करने का षड्यंत्र करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए के नाम पर केवल परिवार और उद्योगपतियों को आगे बढ़ाया जाता है जबकि इन वर्गों को वास्तविक सम्मान नहीं मिलता.
टिकट की रस्साकशी और चंद्रप्रकाश मटियारी का रुख
इस हाई-प्रोफाइल जॉइनिंग के बाद सबसे बड़ा सवाल गौरीगंज सीट से टिकट की दावेदारी को लेकर खड़ा हो गया है. बीजेपी में पहले से ही स्थानीय स्तर पर मजबूत चेहरे के रूप में चंद्रप्रकाश मटियारी मौजूद हैं जिन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में राकेश प्रताप सिंह को कड़ी टक्कर दी थी और वे महज 6000 वोटों से हारे थे. चंद्रप्रकाश मटियारी का कहना है कि उन्हें पार्टी नेतृत्व और अपनी जमीनी मेहनत पर पूरा भरोसा है और पार्टी ही तय करेगी कि उम्मीदवार कौन होगा. राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि अगर टिकट को लेकर समीकरण बदलते हैं तो आगामी चुनावों में स्थानीय स्तर पर नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें: यूपी पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, इलेक्शन के लिए दिया बस इतना टाइम
ADVERTISEMENT











