Gonda Crime News: पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और विशेष अनुष्ठान के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये और जेवरात हड़पने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को गोंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. थाना कोतवाली मनकापुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी शफीक अली उर्फ बड़े पुजारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 26 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को पंडित और तांत्रिक बताकर लोगों की पारिवारिक समस्याओं, ग्रह दोष और सुख-शांति का समाधान करने का दावा करता था. इसके लिए समाचार पत्रों के माध्यम से पर्चे बांटकर प्रचार-प्रसार किया जाता था. संपर्क करने वाले लोगों को विश्वास में लेकर उनके घरों में विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान शुरू कराया जाता था.
जांच में सामने आया कि गिरोह पूजा के दौरान घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी को एक डिब्बे या कलश में रखवाता था. इसके बाद मुख्य आरोपी पहले से छिपाकर रखा गया सांप निकालकर परिवार के लोगों को भयभीत कर देता था. इसी दौरान उसके साथी बड़ी सफाई से जेवरात और नकदी निकाल लेते थे तथा लोगों को कुछ दिनों तक पूजा स्थल न खोलने की हिदायत देकर फरार हो जाते थे.
यह मामला तब सामने आया जब मनकापुर निवासी एक परिवार ने पूजा-पाठ के नाम पर अपने घर में रखे जेवरात गायब होने की शिकायत पुलिस से की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया. इससे पहले पुलिस इस गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर नकदी, जेवरात और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर चुकी थी.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका संगठित गिरोह गोंडा, बहराइच समेत कई जिलों में इसी तरह लोगों को ठगी का शिकार बनाता था. चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण नेपाल में बेचकर प्राप्त धनराशि का उपयोग निजी खर्चों में किया जाता था.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न मुकदमों में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है. मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT










