Gonda News: थाना कोतवाली मनकापुर पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से झपटमारी में लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार 17 जून को मनकापुर क्षेत्र की एक महिला साइकिल से कस्बा स्थित लाइब्रेरी जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने महिला के साइकिल कैरियर में रखा बैग झपट लिया और फरार हो गए. बैग में मोबाइल फोन सहित अन्य सामान रखा था। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली मनकापुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने बेल्हनिया गांव मार्ग से आरोपी अंशुल सिंह निवासी सेमराय थाना रामनगर जनपद बाराबंकी तथा शिव निवासी तेलवारी बारा थाना रामनगर जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से झपटमारी का POCO C75 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक एवं क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालिवाल के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया.
ADVERTISEMENT










