Sports News Saharanpur: सहारनपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ.
ADVERTISEMENT
प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 मंडलों से आए युवा मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया और रिंग में अपनी प्रतिभा, ताकत एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया.प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने किया.इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने कहा कि सहारनपुर को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना जिले के लिए गर्व का विषय है.उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे.वहीं जिला क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की जानकारी दी. उद्घाटन समारोह का संचालन शामली के उप क्रीड़ा अधिकारी अश्वनी त्यागी ने किया. प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने जोश और अनुशासन का परिचय दिया.प्रतियोगिता के दौरान खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला.
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा, सहायक प्रशिक्षक प्रवीण कुमार, आदेश कुमार, सन्नी, कनिष्ठ सहायक पुष्पपाल सिंह चौहान, लाल धर्मेंद्र प्रताप, प्रीति, प्रियंका सहित अनेक खेल अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे.प्रतियोगिता आगामी दिनों तक जारी रहेगी.
ADVERTISEMENT










