Saharanpur BJP News: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे, कार्यकर्ताओं ने किया पूजा-पाठ और प्रार्थना

Saharanpur News: सहारनपुर में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने हवन-पूजन और प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए. नेताओं ने विकास, जनकल्याण और योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं. कार्यक्रम में देश की प्रगति और प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की गई. कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत का संकल्प दोहराया.

Saharanpur BJP News

Saharanpur BJP News

Newzo

• 03:29 PM • 10 Jun 2026

follow google news

Saharanpur News: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को शहर और देहात क्षेत्र में हवन-पूजन एवं प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए. कार्यक्रमों में देश की उन्नति, समृद्धि, सुरक्षा और जनकल्याण की कामना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना की गई.नगर विधानसभा क्षेत्र के नुमाइश कैंप स्थित पंचायती सुंदर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, नगर विधायक राजीव गुंबर और महापौर अजय कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं पूजा-अर्चना की. 

यह भी पढ़ें...

नेताओं ने क्या कहा

इस दौरान नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं. उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है.

वहीं देहात विधानसभा क्षेत्र के जे.जे. पुरम स्थित मंदिर में पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व महापौर संजीव वालिया और भाजपा नेता योगेश कुमार के नेतृत्व में हवन-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारत को विश्व की अग्रणी शक्तियों में स्थापित करने के संकल्प को दोहराया.

किन योजनाओं का किया गया उल्लेख

भाजपा नेताओं ने कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर देशवासियों का विश्वास अर्जित किया है.

क्या था कार्यक्रम का उद्देश्य

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए सामूहिक प्रार्थना की तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया. इस दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

मोदी सरकार के 12 वर्ष क्यों हैं चर्चा में?

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 साल पूरे होने पर, भारतीय जनता पार्टी देश भर में कई कार्यक्रम कर रही है. इन कार्यक्रमों में, सरकार की मुख्य योजनाओं, विकास कार्यों और लोगों की मदद करने वाली पहलों को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.

सहारनपुर में कार्यक्रम भी इसी अभियान का हिस्सा था. वहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार की उपलब्धियों के बारे में बात की और विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को दोहराया.