मेरे ही परिवार ने उजाड़ा मेरा घर… पत्नी आकांक्षा को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दिलवाकर लौट रहे शिव कुमार को हाईवे पर मारी गई गोली, 4 महीने पहले ही हुई थी शादी!

Saharanpur Murder Case: सहारनपुर में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए 24 वर्षीय युवक शिव कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. पत्नी आकांक्षा ने अपने भाई और मायके वालों पर हत्या का आरोप लगाया है.

UP Tak

राहुल कुमार

• 09:37 AM • 10 Jun 2026

follow google news

Saharanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां अपनी पत्नी को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए एक 24 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात परीक्षा केंद्र से कुछ ही दूरी पर हाईवे के पास अंजाम दिया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक युवक की पहचान शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के निवासी शिव कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

यह भी पढ़ें...

शादी के महज 4 महीने बाद उजड़ा सुहाग

मिली जानकारी के अनुसार, शिव कुमार मंगलवार को अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज आया था. परीक्षा खत्म होने के बाद आकांक्षा अपने पति शिव कुमार के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर वापस लौट रही थी. वे परीक्षा केंद्र से थोड़ी ही दूर पहुंचे थे कि हाईवे के पास घात लगाए बैठे हमलावरों ने गाड़ी की खिड़की से शिव कुमार के सिर में बिल्कुल सटाकर गोली मार दी. गोली लगते ही शिव कुमार लहूलुहान होकर गिर पड़े. मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. आस-पास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने घायल शिव कुमार को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पीड़ित पत्नी आकांक्षा का रो-रोकर कही ये बात 

इस खौफनाक वारदात के बाद बदहवास हुई पत्नी आकांक्षा ने अपने ही मायके वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. आकांक्षा ने पुलिस और मीडिया के सामने रोते हुए अपना बयान दर्ज कराया. पत्नी आकांक्षा ने कहा कि "मेरा नाम आकांक्षा है और मैं गांव की रहने वाली हूं. मैंने तकरीबन तीन-चार महीने पहले अपने ही गांव के शिव कुमार से लव मैरिज की थी. तभी से मेरे घरवाले हमारी जान के दुश्मन बने हुए थे और आए दिन हमें फोन कर-करके प्रताड़ित और परेशान कर रहे थे.

आज गोचर इंटर कॉलेज में मेरा यूपी पुलिस का पेपर था. वहां मेरे घर के सारे लोग पहुंचे हुए थे. जब पेपर देकर हम गाड़ी से वापस जा रहे थे तो रास्ते में इन्होंने मेरे आदमी को गोली मार दी. गोली मेरे भाई ने मारी है लेकिन वहां मेरी मम्मी, बहन, जीजा और मामा भी मौजूद थे. बाइक पर मेरे मामा करमवीर और धर्मवीर भी थे. मेरे पूरे परिवार ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया है. हम गाड़ी में थे और उन्होंने खिड़की में बिल्कुल सटाकर गोली मारी. वो कह रहे थे कि अब ये बचने नहीं चाहिए. वो मुझे भी मारने की कोशिश कर रहे थे. मैं चाहती हूं कि गोली मारने वाले मेरे भाई, परमजीत मामा, मौसा, मां बिमला और बाकी सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए."

दूसरी तरफ, मृतक शिव कुमार के भाई शिवम कुमार ने भी आकांक्षा के परिवार पर हत्या का सीधा आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज

घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. एसपी सिटी व्योम बिंदल ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से सभी जरूरी साक्ष्य और सबूत जुटा लिए हैं. आस-पास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है. वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी भाई और अन्य नामजद परिजनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: लंभुआ, आलापुर और बीकापुर समेत 100 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल करेगी बसपा... जून के अंत तक घोषणा संभव