Saharanpur Drug Smuggling Case: पनीर सप्लाई की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार, हरियाणा से दबोचा गया सहारनपुर का वांछित तस्कर

Saharanpur Operation Savera 2.0: सहारनपुर में ऑपरेशन सवेरा 2.0 के तहत गंगोह पुलिस ने लंबे समय से फरार एनडीपीएस एक्ट के वांछित आरोपी अब्दुल कादिर को हरियाणा के धारूहेड़ा से गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर 155 ग्राम अवैध सुल्फा बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई खुलासे किए.

 Saharanpur Drug Case

Saharanpur Drug Case

Newzo

• 05:53 PM • 08 Jun 2026

follow google news

Saharanpur News: सहारनपुर पुलिस के "ऑपरेशन सवेरा 2.0" अभियान के तहत थाना गंगोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित नशा तस्कर अब्दुल कादिर को हरियाणा के धारूहेड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया.

यह भी पढ़ें...

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गंगोह कस्बे के बाहर पशु पैठ चौराहे के पास से 155 ग्राम अवैध सुल्फा भी बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, अभियुक्त अब्दुल कादिर के खिलाफ थाना गंगोह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था. गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने नशे के कारोबार से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं.

पूछताछ में अब्दुल कादिर ने बताया कि वह कई वर्षों से धारूहेड़ा स्थित एक पनीर प्लांट में काम करता था. पनीर सप्लाई के दौरान उसकी मुलाकात पानीपत में एक ऐसे व्यक्ति से हुई जो अफीम, सुल्फा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करता था. अधिक मुनाफे के लालच में वह भी इस धंधे से जुड़ गया और विभिन्न क्षेत्रों में नशे की सप्लाई करने लगा.

आरोपी ने बताया कि पानीपत में काम करने वाले नितीश कुमार और पवन नामक व्यक्तियों से उसकी पहचान हुई, जिन्हें वह नशीले पदार्थ उपलब्ध कराता था. दिसंबर 2025 में उसने दोनों को अफीम दी थी, जबकि सुल्फा अपने पास रख लिया था. उसी दौरान उसे शक हुआ कि उसके साथी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं. गिरफ्तारी के डर से उसने गंगोह के पशु पैठ चौराहे के पास सुल्फा मिट्टी में दबाकर छिपा दिया था. 

अब पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त सुल्फा बरामद कर लिया है. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गई हैं. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी जांच की जा रही है.