Saharanpur Crime News: सहारनपुर में मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर लाखों की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Saharanpur news: सहारनपुर के व्यस्त कोर्ट रोड बाजार में देर रात चोरों ने मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. वारदात के बाद व्यापारियों में दहशत है. मुख्य बाजार में हुई चोरी ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Saharanpur Mobile Shop Theft

Newzo

• 01:34 PM • 02 Jun 2026

follow google news

Saharanpur news: सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र में कोर्ट रोड स्थित एक मोबाइल शॉप में अज्ञात चोरों ने देर रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. घटना के अनुसार, चोरों ने दुकान का शटर और ताले तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर ली.पीड़ित दुकानदार शाहरुख कुरैशी ने बताया कि वह रात करीब 9:15 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे.

यह भी पढ़ें...

रात लगभग 11:20 बजे चौकीदार विजय ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं. तुरंत मौके पर पहुंचे शाहरुख ने देखा कि शटर के ताले टूटे हुए थे और दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था. दुकानदार ने बताया कि चोरी में काउंटर में रखे रिपेयरिंग के लिए आए ग्राहकों के मोबाइल फोन, दुकान का स्टॉक और गल्ले में रखी लगभग 33 हजार रुपये की नकदी गायब हो गई. प्रारंभिक जांच में करीब 25 से 28 मोबाइल फोन चोरी होने की बात सामने आई है.

दुकानदार के अनुसार चोरी हुए मोबाइल और नकदी की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये से अधिक है. यदि ग्राहकों के मोबाइल फोन की कीमत जोड़ दी जाए तो कुल नुकसान करीब 8 लाख रुपये तक पहुंच सकता है. घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.

कोर्ट रोड शहर का अत्यंत व्यस्त और प्रमुख बाजार क्षेत्र है. ऐसे इलाके में चोरी की यह बड़ी वारदात व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी पैदा कर रही है. स्थानीय लोग कहते हैं कि मुख्य सड़क पर स्थित दुकान में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन पुलिस पेट्रोलिंग पर गंभीर सवाल खड़े करता है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.