Saharanpur topper honour: सहारनपुर के 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला ₹20-20 हजार का इनाम, मेडल और प्रशस्ति पत्र

Saharanpur News: सहारनपुर में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों को 20-20 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया. वक्ताओं ने छात्राओं की बढ़ती संख्या को महिला सशक्तिकरण के लिए एक सकारात्मक संकेत और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी प्रेरणा बताया.

Saharanpur Toppers News

Newzo

• 02:50 PM • 01 Jun 2026

follow google news

Saharanpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के अवसर पर आज सहारनपुर के जिला कलेक्ट्रेट परिसर में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन को सुनने के बाद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए.

यह भी पढ़ें...

विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद शर्मा ने बताया कि सहारनपुर जनपद से कुल 22 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. प्रत्येक को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिए गए. उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में 1650 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है, जबकि 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को मुख्य समारोह में सम्मान मिला.

नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने छात्रों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी.

महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में नई प्रेरणा दी है. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष मेधावी छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में अधिक रही, जो समाज में महिला शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक संकेत है.

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही. सभी ने सम्मानित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.