UP Police Constable Exam 2026:सहारनपुर में यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा शुरू, अभ्यर्थियों ने बताया पेपर मॉडरेट स्तर का,

Newzo

08 Jun 2026 (अपडेटेड: 08 Jun 2026, 04:51 PM)

Saharanpur UP Police Constable News: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के पहले दिन सहारनपुर में अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को सामान्य से मॉडरेट स्तर का बताया. करंट अफेयर्स, गणित, हिंदी और सामान्य अध्ययन से जुड़े सवाल पूछे गए. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और अभ्यर्थियों ने चयन की उम्मीद जताई.

 Saharanpur UP Police Exam News

Saharanpur UP Police Exam News

Google CTA

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती के लिए सोमवार से लिखित परीक्षा शुरू हो गई. तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. कुल 77,184 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. 

यह भी पढ़ें...

परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को सामान्य से मॉडरेट स्तर का बताया. मेरठ से आए अभ्यर्थी नवीन कुमार ने बताया कि पेपर अच्छा रहा और अधिकांश प्रश्न 2025 के करंट अफेयर्स पर आधारित थे. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई.

पिछली भर्ती में उनका चयन नहीं हो पाया था, लेकिन इस बार उन्हें सफलता की उम्मीद है. उनके अनुसार प्रश्नपत्र कठिन नहीं था और मेरिट पर चयन निर्भर करेगा. बिजनौर के अभ्यर्थी हर्ष शर्मा ने बताया कि परीक्षा में कुल 150 प्रश्न पूछे गए थे, जिनके लिए 300 अंक निर्धारित थे. उन्होंने कहा कि प्रश्न अध्यायवार और तैयारी के अनुरूप थे. परीक्षा केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं और उन्हें किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई नहीं दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार उनका चयन हो सकता है.

वहीं अभ्यर्थी विपुल शर्मा ने भी पेपर को मॉडरेट स्तर का बताया. उनके अनुसार गणित, हिंदी और सामान्य अध्ययन से प्रश्न पूछे गए थे, जबकि करंट अफेयर्स का अच्छा खासा हिस्सा रहा. उन्होंने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और अभ्यर्थियों को कोई विशेष असुविधा नहीं हुई.

अभ्यर्थी स्वाति ने बताया कि परीक्षा का अनुभव अच्छा रहा. हालांकि समय थोड़ा कम लगा, फिर भी उन्होंने सभी प्रश्नों को हल करने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि तैयारी पूरी थी और उन्हें अच्छे परिणाम की उम्मीद है. परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले तथा परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.