Saharanpur News: थाना गंगोह क्षेत्र में स्थित राणा फायर वर्क्स पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री संचालक एवं वांछित अभियुक्त हसन पुत्र नौसेर अली को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने, प्रतिबंधित पटाखों का निर्माण कराने तथा फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों की जान को जोखिम में डालने का आरोप है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को थाना गंगोह में उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार की तहरीर पर मुकदमा संख्या 355/2026 धारा 288, 105 बीएनएस एवं 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था. आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुए विस्फोट में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर अभी भी लापता बताए गए हैं.
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की, मुखबिर की सूचना पर गंगोह-दूधला रोड स्थित सत्संग भवन के पास से अभियुक्त हसन को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी निवासी असालतपुर फर्रूखनगर, थाना टीला मोड़, जनपद गाजियाबाद का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और विस्फोट से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT











