चंद्रशेखर आजाद के अपील पर सहारनपुर में ASP-भीम आर्मी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग

अनिल भारद्वाज

25 Jul 2026 (अपडेटेड: 25 Jul 2026, 01:56 PM)

NEET विवाद को लेकर शनिवार को सहारनपुर में ASP और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर लाठीचार्ज का विरोध जताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.

Bhim Army Protest Update

Bhim Army Protest Update (Photo Enhanced By AI)

Google CTA

NEET Protest Saharanpur News: नीट परीक्षा को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच शनिवार को सहारनपुर में आजाद समाज पार्टी (ASP) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हकीकत नगर स्थित रामलीला ग्राउंड पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध जताया.

यह भी पढ़ें...

सरकार के खिलाफ लगाए नारे

सहारनपुर में हुए प्रदर्शन के दौरान ASP और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे को उठाया. कार्यकर्ताओं का कहना था कि परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है. उनका आरोप है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई. उनका कहना था कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों को लेकर सरकार को छात्रों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए. कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता रैली के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर रवाना हुए, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई. ज्ञापन में नीट परीक्षा से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और छात्रों की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग रखी गई.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा. उनका कहना था कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए.

जिला अध्यक्ष ने कही ये बात

आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष दीपक गौतम ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े मामलों की जांच कराकर छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी.