Saharanpur News: आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहारनपुर ने जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात रिक्रूट आरक्षियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी. इस दौरान पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT
एसएसपी ने रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी जवानों को ड्यूटी के प्रति पूरी निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन, सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया.
ब्रीफिंग के दौरान रिक्रूट आरक्षियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कांवड़ मार्गों पर लगातार गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा सभी पुलिसकर्मियों को उच्चाधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और प्रत्येक स्थिति में सतर्क रहने के लिए कहा गया.
एसएसपी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रति भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी वायरल सूचना पर कार्रवाई से पहले उसका तत्काल सत्यापन किया जाए और आवश्यक होने पर त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे.
कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने सभी रिक्रूट आरक्षियों से जनसेवा की भावना, अनुशासित कार्यशैली और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की अपेक्षा जताई. उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनाना है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु अपनी धार्मिक यात्रा शांति और सुरक्षा के साथ पूरी कर सके.
ADVERTISEMENT











