Saharanpur News: कांवड़ यात्रा-2026: सहारनपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीजे की ऊंचाई 12 फीट तय, ड्रोन से होगी निगरानी

Newzo

• 05:12 PM • 23 Jul 2026

Saharanpur Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सहारनपुर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. डीजे की ऊंचाई और ध्वनि सीमा तय कर दी गई है. संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी होगी, जबकि 41 अस्थायी पुलिस चौकियां और विशेष सुरक्षा व्यवस्था भी लागू रहेगी.

 कांवड़ यात्रा-2026: सहारनपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीजे की ऊंचाई 12 फीट तय, ड्रोन से होगी निगरानी

कांवड़ यात्रा-2026: सहारनपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीजे की ऊंचाई 12 फीट तय, ड्रोन से होगी निगरानी

Google CTA

Saharanpur Kanwar Yatra 2026: श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसी क्रम में जनपद सहित हरियाणा के यमुनानगर और करनाल से आने वाले डीजे संचालकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई.

यह भी पढ़ें...

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी. साथ ही ध्वनि की निर्धारित सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा. डीजे पर केवल धार्मिक और भक्ति गीत ही बजाए जाएंगे. अश्लील, आपत्तिजनक या भड़काऊ गीतों के प्रसारण पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. सभी डीजे संचालकों से नियमों के पालन के लिए बॉन्ड भी भरवाए गए.

कांवड़ यात्रा को "जीरो इंसिडेंट एवं जीरो एक्सीडेंट" बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने पूरे जनपद में 41 अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 11 जोन, 23 सेक्टर और 52 सब-सेक्टर बनाए गए हैं. संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों और वॉच टावर के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी तथा किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान भी तेज कर दिया गया है.

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने डीजे संचालकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नोडल पुलिस अधिकारी का संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया. अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या अनुचित दबाव की स्थिति में संचालक तुरंत नोडल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं.

पुलिस प्रशासन ने सभी डीजे संचालकों और कांवड़ यात्रा से जुड़े लोगों से नियमों का पालन करने, प्रशासन का सहयोग करने तथा सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है.