Saharanpur News: आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए बिजली विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्य अभियंता हेमराज सिंह ने बताया कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर चिन्हित कांवड़ मार्गों और प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा संबंधी कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं. विभाग का दावा है कि अब तक करीब 90 प्रतिशत पोल रैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य 25 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा. मुख्य अभियंता ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर विद्युत पोलों को प्लास्टिक शीट और प्लास्टिक पाइप से सुरक्षित किया गया है.
ADVERTISEMENT
साथ ही ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, झूलती विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने तथा आवश्यक स्थानों पर गार्डिंग का कार्य भी कराया जा रहा है. मंदिरों के आसपास स्थित विद्युत पोलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ रात्रि में पहचान के लिए रिफ्लेक्टर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े.
उन्होंने बताया कि अधीक्षण अभियंता समेत विभाग के अधिकारी प्रतिदिन कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर रहे हैं. निरीक्षण के दौरान जहां भी कोई कमी मिल रही है, उसे तत्काल दूर कराया जा रहा है.
मुख्य अभियंता ने शिविर आयोजकों से समय रहते अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विद्युत सुरक्षा निदेशालय की जांच और सुरक्षा प्रमाणपत्र जारी होने के बाद ही अस्थायी कनेक्शन दिया जाएगा, जिससे विद्युत दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके.
उन्होंने बताया कि विभाग ने अधिकारियों, कर्मचारियों और हेल्पलाइन नंबरों की सूची प्रशासन को उपलब्ध करा दी है. प्रशासन जल्द ही इन नंबरों को सार्वजनिक करेगा, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी विद्युत संबंधी समस्या की सूचना तत्काल विभाग तक पहुंच सके और समय रहते उसका समाधान किया जा सके.
ADVERTISEMENT











