Saharanpur Weather News: बारिश का इंतजार, उमस से बेहाल सहारनपुर, बदलते मौसम के बीच डेंगू और मौसमी बीमारियों का बढ़ा खतरा

Newzo

• 12:39 PM • 26 Jul 2026

Saharanpur Weather Update: सहारनपुर में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं होने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. बदलते मौसम के बीच डेंगू और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. स्वास्थ्य विभाग ने जलभराव रोकने, साफ-सफाई रखने और बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी.

बारिश का इंतजार, उमस से बेहाल सहारनपुर, बदलते मौसम के बीच डेंगू और मौसमी बीमारियों का बढ़ा खतरा

बारिश का इंतजार, उमस से बेहाल सहारनपुर, बदलते मौसम के बीच डेंगू और मौसमी बीमारियों का बढ़ा खतरा

Google CTA

Saharanpur News: सहारनपुर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीद तो बंधती है, लेकिन बादल बिना बरसे ही आगे बढ़ जा रहे हैं. जिले में फिलहाल उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. बीच-बीच में तेज धूप निकलने से मौसम और अधिक असहज हो रहा है. हालांकि शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की फुहार पड़ी थी, लेकिन उससे लोगों को गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिल सकी. 

यह भी पढ़ें...

वहीं, आसपास के कई जनपदों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है, लेकिन सहारनपुर के लोग अब भी झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बादलों की सक्रियता बनी हुई है और आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है. इधर, बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है. खासकर छोटे बच्चों में उल्टी, दस्त, खांसी, बुखार और पेट दर्द जैसी मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, ताजा भोजन करने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की है. 

इसके साथ ही कुछ दिन पहले हुई बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में डेंगू का खतरा भी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर और गमलों का पानी समय-समय पर बदलने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है. 

फिलहाल सहारनपुर में लोगों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं. हर गुजरते बादल के साथ बारिश की उम्मीद बढ़ती है, लेकिन उमस भरी गर्मी से राहत अभी भी दूर नजर आ रही है. मौसम के इस बदले मिजाज के बीच लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की आवश्यकता है.