Saharanpur ATS Deployment News: आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी अभिनंदन ने सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स, ट्रैफिक वार्डन्स, स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) और डिजिटल वॉलंटियर्स के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. बैठक में स्वयंसेवकों ने पुलिस के साथ मिलकर जिम्मेदारी निभाने का भरोसा जताया.
ADVERTISEMENT
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी. वहीं 4 अगस्त को चहलूम का पर्व भी होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. बैठक में भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आपात स्थिति से निपटने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.उन्होंने बताया कि अस्थायी पुलिस चौकियों पर एसपीओ और ट्रैफिक वार्डन्स की तैनाती की जाएगी, जबकि कांवड़ मार्ग पर पहले से रूट डायवर्जन लागू कर यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है.
एसएसपी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन कंपनियां पीएसी, आरएएफ, जनपद पुलिस के अलावा अन्य जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा. इसके साथ ही पूरे कांवड़ मार्ग पर एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की टीमें भी तैनात रहेंगी, जो संवेदनशील गतिविधियों और संभावित सुरक्षा खतरों पर नजर रखेंगी. विभिन्न खुफिया एजेंसियों से भी लगातार इनपुट लिए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि वर्दीधारी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, ड्रोन कैमरों तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखेंगे. अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान प्रशासन का सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है.
ADVERTISEMENT











