Saharanpur News: सहारनपुर जिला अस्पताल में वेतन भुगतान में देरी से नाराज सफाई कर्मचारियों ने सीएमएस कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है. कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पिछले 24 घंटे से अस्पताल की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है, जिससे वार्डों और इमरजेंसी क्षेत्र में गंदगी बढ़ने लगी है. इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
ADVERTISEMENT
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि ए-वन फैसिलिटी कंपनी पिछले तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं कर रही है. उनका कहना है कि ईपीएफ की कटौती तो की जाती है, लेकिन उसका स्पष्ट विवरण नहीं दिया जाता. कर्मचारियों के अनुसार, उन्हें शासन द्वारा निर्धारित मानकों से कम, केवल ₹7,200 मासिक वेतन दिया जा रहा है.
धरने में शामिल सफाई कर्मचारी नवीन कुमार ने बताया कि करीब 45 से 47 कर्मचारी हड़ताल पर हैं. उन्होंने कहा कि समय पर वेतन, बकाया भुगतान और शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार वेतन देने की मांग को लेकर कई बार अस्पताल प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला.
एक अन्य कर्मचारी बबीता ने बताया कि कई कर्मचारियों का तीन से चार महीने का वेतन अब भी बकाया है.उनका कहना है कि समस्या के समाधान के बजाय कर्मचारियों को लगातार टालने का काम किया जा रहा है.
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया जाता और उनकी अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. उधर, सफाई व्यवस्था ठप होने से अस्पताल में संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे मरीजों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं.
ADVERTISEMENT











