सहारनपुर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आए एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई.
ADVERTISEMENT
वारदात परीक्षा केंद्र के कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है. मृत युवक की पहचान शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र के रहने वाले 24 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है.
शादी के 4 महीने बाद ही उजड़ा सुहाग
जानकारी के अनुसार, शिव कुमार मंगलवार को अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज आया था. परीक्षा खत्म होने के बाद आकांक्षा जैसे ही अपने पति शिव कुमार के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर परीक्षा केंद्र से निकली, तभी हाईवे के पास घात लगाए बैठे हमलावर ने शिव कुमार के सिर में सटाकर गोली मार दी.
गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आस-पास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने घायल शिव कुमार को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पत्नी का आरोप- 'भाई ने ही ली मेरे पति की जान'
वारदात के बाद रो-रोकर बदहवास हुई पत्नी आकांक्षा ने अपने ही परिवार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने करीब चार महीने पहले ही शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था. इस शादी से उसके मायके वाले बेहद नाराज थे और लगातार इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे.
आकांक्षा का सीधा आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसके भाई मंजीत ने परीक्षा केंद्र के बाहर पहुंचकर उसके पति की हत्या की है. दूसरी तरफ, मृतक के भाई शिवम कुमार ने भी आकांक्षा के परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
जांच में जुटी पुलिस, आरोपी की तलाश तेज
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. एसपी सिटी व्योम बिंदल ने मामले की जानकारी लेते हुए बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है और फरार आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं.
ADVERTISEMENT










