Saharanpur Bhim Army Controversy: भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी के बीच मतभेदों की चर्चाओं के बीच भीम आर्मी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया ने संगठन में किसी भी प्रकार की टूट या विवाद से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि दोनों संगठन पूरी तरह एकजुट हैं और सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने फेसबुक लाइव के दौरान बिजनौर में आयोजित आजाद समाज पार्टी की सत्ता परिवर्तन यात्रा के एक कार्यक्रम को लेकर नाराजगी जताई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि कार्यक्रम के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की हुई और शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद सोशल मीडिया पर संगठन के भीतर मतभेदों की चर्चाएं तेज हो गईं. इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कमल सिंह वालिया ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है.
उन्होंने बताया कि वह स्वयं विनय रतन सिंह से मुलाकात करने जा रहे हैं और जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी. उन्होंने कहा, “हम सभी एक परिवार हैं. आपसी संवाद के माध्यम से हर मुद्दे का समाधान किया जाता है और संगठन पहले की तरह मजबूत है. ”कमल वालिया ने यह भी आरोप लगाया कि बहुजन आंदोलन की बढ़ती ताकत से घबराई कुछ राजनीतिक शक्तियां और उनकी आईटी सेल संगठन की छवि खराब करने तथा चंद्रशेखर आजाद को बदनाम करने का प्रयास कर रही हैं. उन्होंने कहा कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी सामाजिक न्याय, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई मिलकर लड़ रही हैं. उन्होंने बहुजन समाज को भरोसा दिलाया कि संगठन अपने मूल उद्देश्यों से पीछे नहीं हटेगा और समाज के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा.
फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर बहुजन समाज और राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है तथा सभी को संगठन की ओर से आने वाले अगले आधिकारिक बयान का इंतजार है.
ADVERTISEMENT










