Raebareli School News: रायबरेली: जिले की शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. जहां सरकार परिषदीय विद्यालयों की सूरत बदलने के लिए करोड़ों खर्च कर रही है. वहीं डलमऊ तहसील के मनसुख मऊ प्राथमिक विद्यालय में गुरुजी की मनमानी बच्चों के भविष्य पर भारी पड़ रही है. ताजा मामला शिक्षकों के समय से स्कूल न पहुंचने का है जिससे भड़के ग्रामीणों ने अब आर-पार की जंग छेड़ दी है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
मंगलवार को स्कूल का मंजर कुछ और ही कहानी बयां कर रहा था. स्कूल का समय हो चुका था. मासूम बच्चे बैग टांगकर क्लास में शिक्षकों का इंतजार कर रहे थे. लेकिन गुरुजी नदारद थे.ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई पहली बार नहीं है. यहां शिक्षकों का देर से आना और जल्दी चले जाना एक रूटीन बन चुका है. ग्रामीणों ने जब गेट पर ताला लटका और शिक्षकों को गायब देखा तो उनका सब्र टूट गया। उन्होंने मौके पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
शिक्षा विभाग की चुप्पी
वीडियो वायरल होने के बाद विभाग के गलियारों में सुगबुगाहट तो शुरू हो गई है.लेकिन अभी तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने कड़ी कार्रवाई की हिम्मत नहीं जुटाई है. अब देखना यह है कि क्या इन लापरवाह शिक्षकों पर गाज गिरेगी या फिर मनसुख मऊ के बच्चों की पढ़ाई ऐसे ही 'लेटलतीफी' की भेंट चढ़ती रहेगी.
ADVERTISEMENT









