अंतिम पंक्ति में बैठकर भी छाईं अधिकारी, सटीक जवाबों से जीता दिल, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सृष्टि अवस्थी की जमकर की तारीफ

Raebareli News: रायबरेली: जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी की कार्यशैली के मुरीद हुए राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह. 'दिशा' की बैठक में सटीक और गुणवत्तापूर्ण जवाबों से प्रभावित होकर मंत्री ने विशेष प्रशंसा पत्र जारी किया.

Raebareli News

Newzo

• 01:08 PM • 07 Apr 2026

follow google news

Raebareli News: रायबरेली: प्रदेश के उद्यान एवं कृषि विपणन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी के कार्यों और उनकी कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की है.। मंत्री ने एक विशेष प्रशंसा पत्र जारी कर सृष्टि अवस्थी की कार्यशैली को अन्य सरकारी कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय बताया है.

यह भी पढ़ें...

​'दिशा' की बैठक में छाए रहे अधिकारी के सटीक जवाब

​मामला बीते दिनों संपन्न हुई जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक से जुड़ा है. मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पत्र में उल्लेख किया कि बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने समिति के सदस्यों द्वारा पूछे गए तीन महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर जिस सादगी और गुणवत्ता के साथ दिए वह काबिले तारीफ था. मंत्री ने कहा कि जवाब इतने सटीक और शासन की मंशा के अनुरूप थे कि माननीय सदस्यों को कोई भी पूरक प्रश्न पूछने की आवश्यकता ही नहीं पड़ी और सभी संतुष्ट नजर आए.

​अंतिम पंक्ति में बैठकर भी पेश की योग्यता की मिसाल

​मंत्री ने सृष्टि अवस्थी की तैयारी की सराहना करते हुए पत्र में लिखा कि उन्होंने बैठक में सबसे अंतिम पंक्ति में बैठने के बावजूद अपनी अप्रतिम योग्यता का परिचय दिया. उन्होंने कहा- मनुष्य जीवन भर सीखता रहता है. लेकिन कल की आपकी सेवाएं किसी के भी अनुकरण करने योग्य थीं. आपकी मेहनत और तैयारी ने उच्च स्तरीय बैठक की गरिमा बढ़ाई.

​प्रशासनिक गलियारों में सराहना

​आमतौर पर बैठकों में अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सख्त रुख देखने को मिलता है. लेकिन एक मंत्री द्वारा इस तरह नामजद पत्र लिखकर अधिकारी का उत्साहवर्धन करना जिले के प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सृष्टि अवस्थी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें मंगलकामनाएं दी हैं.